अल्मोड़ा। प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात करने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने मुठ्ठियां तान ली है। पुरानी पेंशन बहाली, डाउनग्रेट वेतन संसोशन और शिथिलीकरण समेत 20 सूत्रीय मांगों को लेकर अल्मोड़ा के गांधीपार्क में कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिसमें सैकड़ो की संख्या में विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक मौजूद रहे हैं। इस दौरान अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी , नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने धरनास्थल पर पहुँचकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया।
इस मौके पर उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के सचिव पुष्कर भैसोड़ा ने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों के हितों के साथ कुठाराघात कर रही है। कर्मचारियों को जो पूर्व में सुविधाएं मिलती थी, वर्तमान में सरकार ने उन सुविधाओ पर कटौती कर दी है। कर्मचारी डाउनग्रेट वेतन वापस लेने, पुरानी पेंशन बहाली और शिथिलीकरण समेत 20 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से आंदोलित है, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर अनदेखी कर रही है। कहा कि अपनी इन 20 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारी आगामी 27 सितम्बर को महारैली का आयोजन करने जा रही है। कहा कि अगर सरकार कर्मचारियों की इन 20 सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं करेगी तो कर्मचारी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
धरना प्रदर्शन में पुष्कर सिंह भैसोड़ा, महेंद्र सिंह गुसाई, के एस कांडपाल,पंकज जोशी, जय प्रकाश, हयात सिंह जैम्याल, मनोज कुमार जोशी, गोविंद सिंह मेहता, किशन सिंह नेगी, भुवन चंद्र जोशी, मुकेश कुमार, मनीष जोशी, संजय कुमार कश्यप, देवेंद्र सिंह, अंकित वर्मा समेत भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
