The Mirror Of Society

रानीखेत में अब इस तिथि से शुरू होने जा रही अग्निवीर कोटा भर्ती

ByReporter

Oct 3, 2022

अल्मोड़ा। कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर मुख्यालय रानीखेत में अग्निवीर जनरल ड्यूटी व ट्रेडमैन की भर्ती रैली 7 नवंबर से शुरू होगी। यह भर्ती 13 नवंबर तक चलेगी। पहले यह भर्ती 17 अक्टूबर से प्रस्तावित थी। जिसमें अब फेरबदल किया गया। 7 नवम्बर को पहले दिन उत्तराखंड के सभी जिलों युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर समेत आठ राज्यों के नौजवानों को मौका दिया जाएगा। आखिरी दिन विशिष्ट खिलाड़ियों की भर्ती होगी।

भर्ती अधिकारी कार्यालय केआरसी मुख्यालय के अनुसार सोमनाथ मैदान में 17 से 23 अक्टूबर तक होने वाली यूनिट मुख्यालय कोटा भर्ती रैली अब 7 नवंबर से शुरू होगी। इसमें उत्तराखंड के युवाओं को पहले दिन मैदान में उतारा जाएगा। 8 नवंबर को शारीरिक मापदंड में पास नौजवानों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। 9 नवंबर को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व पूर्वोत्तर राज्यों के युवा हिस्सा लेंगे।
दौड़ व शारीरिक मापदंड में पास युवाओं के दस्तावेजों की जांच 10 को होगी। 11 नवंबर को अग्निवीर ट्रेडमैन की भर्ती रैली में सभी राज्यों के युवा हिस्सा लेंगे। 12 को शारीरिक मापदंड में पास नौजवानों के दस्तावेज चेक किए जाएंगे। 13 नवंबर को सभी राज्यों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी विशिष्ट खिलाड़ियों की भर्ती होगी। भर्ती रैली में वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे जिनके पास कुमाऊं रेजिमेंट केंद्र की ओर से जारी किए गए भर्ती नोटिफिकेशन में निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध है।
वही अल्मोड़ा के अपर जिलाधिकारी चन्द्र सिंह मर्तोलिया ने बताया कि रानीखेत में विगत अगस्त में हुई अग्निवीर भर्ती में शारीरिक व स्वास्थ्य परीक्षण में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की प्रवेश परीक्षा 16 अक्टूबर को होगी। परीक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा में होगी। इस प्रवेश परीक्षा में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल तथा ऊधम सिंह नगर जिले के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *